झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े पर 305 पंचायतों में हुआ पौधारोपण
रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले की 305 ग्राम पंचायतों में बुधवार को व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान पंचायत भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए गए। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों को सौंपी गई। जिला प्रशासन ने शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता और जनसेवा से जुड़ी कई गतिविधियां भी संचालित कीं। यह जानकारी जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।
जारी विज्ञप्ति में बताया कि कृषि विभाग ने सोनाहातू प्रखंड के दुलमी में किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया। इसमें मिट्टी जांच, बीजोपचार, जीवामृत, बीजामृत और जैविक कीटनाशक तैयार करने की जानकारी दी गई। जेएसएलपीएस के माध्यम से बुंडू के दलकीडीह में 16 किसानों को मटर बीज और पोषण वाटिका किट दी गई। राहे में 1,000 अति गरीब परिवारों का चयन समावेशी आजीविका योजना के तहत किया गया है। इनमें 719 परिवारों को 1,500 रुपये प्रति परिवार उपभोग सहायता मिली है। वहीं, 805 परिवारों को किचन गार्डन किट दी गई। जिले में 425 बकरियों का टीकाकरण और 1,506 लाभार्थियों का आधार ई-केवाईसी भी पूरा किया गया।
कांके में नेवरी क्लस्टर को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि दी गई। इसके अलावा 26 नवंबर 2026 तक बिजली शिकायत निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। पेयजल विभाग चापाकलों की मरम्मत और स्वच्छता जागरूकता अभियान चला रहा है। विद्यालयों में झारखंड के इतिहास और महापुरुषों पर क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

