डॉ भीमराव आंबेडकर जयंती पर निकली भव्य रैली
देवघर, 14 अप्रैल (हि.स.)। डॉ भीमराव आंबेडकर की 135 वीं जयंती के अवसर पर भीम आर्मी के तत्वावधान में शहर में भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत बीएड कॉलेज मैदान से हुई, जिसका नेतृत्व भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष कमलेश कुमार दास ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष काशीफ रज्जा सिद्दीकी शामिल हुए। रैली में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और युवाओं की भागीदारी देखने को मिली। महारैली बीएड कॉलेज परिसर से निकलकर बरमसिया अंबेडकर चौक होते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई टॉवर चौक तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और सामाजिक समानता और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
जिला अध्यक्ष कमलेश कुमार दास ने कहा कि बाबा साहब का बनाया गया संविधान देश के सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करता है और इसका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
वहीं काशीफ रज्जा सिद्दीकी ने कहा कि बाबा साहब ने समाज में समानता का संदेश दिया था, लेकिन आज भी मानसिकता में बदलाव की जरूरत है। वहीं भीम आर्मी के गोपाल दास ने कहा कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर पूरा देवघर नीली क्रांति के रंग में रंग गया है । कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य नंदकिशोर दास ने कहा कि बाबा साहब की जयंती देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी मनाई जा रही है और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
मौके पर नगर उपाध्यक्ष दीपक दास, आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार, जिला सचिव संजय दास सहित कई गणमान्य लोग और सैकड़ों की संख्या में युवा उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

