सीसीएल में श्रमिक दिवस पर सीएमडी ने किया कर्मियों को सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
सीसीएल में श्रमिक दिवस पर सीएमडी ने किया कर्मियों को सम्मानित


रांची, 01 मई (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (सीसीएल) में अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर शुक्रवार को रांची स्थित मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंहस मारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और एरिया इकाइयों के मजदूर कर्मियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दरभंगा हाउस परिसर स्थित शहीद स्मारक पर वीर कोल कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।

सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में उन्होंने नवनिर्मित वर्किंग वॉशरी मॉडल का उद्घाटन किया।

मौके पर सीएमडी निलेंदु ने कहा कि जब अधिकारी सभागार में कार्यक्रम कर रहे हैं, उसी समय कोल योद्धा खदानों में देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में जुटे हैं, जिन्हें वह नमन करते हैं। उन्होंने बताया कि बी एंड के, बरका-सयाल और अरगडा क्षेत्र ने वर्ष 2025-26 में अब तक सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया है। साथ ही भूमि के बदले 216 रोजगार दिए गए हैं और राजहरा ओपन कास्ट परियोजना का पुनः संचालन शुरू किया गया है।

कार्यक्रम में सीसीएल की वार्षिक पत्रिका उत्कर्ष का लोकार्पण किया गया।

वहीं एआई अवतार सीसीएल का बुकलेट भी लॉन्च किया गया, जो कंपनी की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा करेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में डीएवी स्कूल के बच्चों ने गणेश वंदना, गायन और नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। महाप्रबंधक प्रतुल कुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

मौके पर निदेशक, महाप्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story