श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा


रांची, 16 जुलाई (हि.स.)। भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर प्रणामी ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ तथा श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना की और महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

रथ यात्रा के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी का भव्य, अलौकिक और मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान श्री जगन्नाथ और राधा-कृष्ण को केसरिया खीर तथा ताजे फलों का महाभोग अर्पित किया। पूजा के उपरांत आयोजित सामूहिक आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की और भगवान से सुख, शांति, समृद्धि तथा विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा। ट्रस्ट के भजन गायकों ने भगवान श्री जगन्नाथ एवं राधा-कृष्ण की महिमा का गुणगान करते हुए अनेक सुमधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमते नजर आए और पूरे आयोजन में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने सुव्यवस्थित ढंग से महाप्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम में प्रणामी ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, संजय सर्राफ सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story