राज्यपाल ने ’नरेंद्र मोदी : आधुनिक भारत के शिल्पकार’ पुस्तक का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने ’नरेंद्र मोदी : आधुनिक भारत के शिल्पकार’ पुस्तक का किया लोकार्पण


रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को रांची के आड्रे हाउस, में डॉ. राजश्री जयंती की ओर से लिखित पुस्तक ‘नरेंद्र मोदी : आधुनिक भारत के शिल्पकार’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखिका को पुस्तक की रचना के लिए बधाई देते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्रीय मंत्रिपरिषद में उनके साथ कार्य कर चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली, दूरदर्शी सोच, निर्णय लेने की क्षमता और देश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को निकट से देखा और समझा है।

राज्यपाल ने कहा कि सामान्य परिवार से देश के प्रधानमंत्री तक की नरेन्द्र मोदी की जीवन-यात्रा परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने कहा कि सशक्त नागरिक ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करते हैं।

आत्मनिर्भरता, नवाचार, सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय सुरक्षा और आधुनिक तकनीक जैसे विषय विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुस्तक में इन समकालीन विषयों के माध्यम से भारत की विकास यात्रा और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

राज्यपाल ने कहा कि आत्मनिर्भरता और नवाचार भारत की आर्थिक एवं तकनीकी प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित कर नए उद्यमों और रोजगार के अवसरों का सृजन किया जा सकता है। वहीं, अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों से जुड़े रहते हुए विज्ञान, तकनीक तथा वैश्विक सहयोग के क्षेत्रों में आगे बढ़ना भी आवश्यक है। राष्ट्रीय सुरक्षा और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकों में प्रगति भारत की सामरिक एवं तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के साथ भविष्य के नए अवसर भी सृजित करती है। राज्यपाल ने कहा कि किसी पुस्तक की सार्थकता इस बात में भी है कि वह पाठकों को सोचने, समझने और सकारात्मक विचार-विमर्श के लिए प्रेरित करे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. राजश्री जयंती की यह पुस्तक अधिकाधिक पाठकों तक पहुंचेगी और समकालीन भारत के विभिन्न पहलुओं को समझने में उपयोगी सिद्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story