दिव्यांगजनों को समान अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगजनों को समान अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : राज्यपाल


- राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीपशिखा संस्था के नवनिर्मित सूचना केंद्र का किया उद्घाटन

रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दिव्यांगजनों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए तो वे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। दिव्यांगजनों को सम्मान और समान अवसर देकर आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

राज्यपाल बुधवार को रांची के नामकुम स्थित दीपशिखा संस्था के नवनिर्मित सूचना केंद्र का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संस्था की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।

राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेलकूद, रोजगार और सामाजिक भागीदारी के समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। इससे वे अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग कर सकेंगे और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल आत्मनिर्भर बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए सरकार, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

इस अवसर पर राज्यपाल ने दीपशिखा संस्था के कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए अपने विवेकाधीन अनुदान मद से एक लाख रुपये देने की घोषणा की।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story