राज्यपाल ने फ्रीडम ड्राइव को झंडा दिखाकर किया रवाना
रांची, 18 जुलाई (हि.स.)। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को रांची के लोकभवन के मुख्य द्वार से रांची समैरिटन्स राउंड टेबल 244 की ओर से आयोजित फ़्रीडम ड्राइव 2026 को झंडा दिखाकर रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि यह यात्रा फ़्रीडम थ्रो एजुकेशन (शिक्षा के माध्यम से स्वतंत्रता) की थीम पर रांची से अयोध्या पहाड़ (पुरुलिया) तक प्रस्तावित है।
राज्यपाल ने आयोजकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास, आत्मनिर्भरता और समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना के निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने और विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास प्रेरणादायी हैं।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल समाज में शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अधिकाधिक लोगों को सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

