प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं
-गुरु नानक देव की शिक्षाएं मानवता को परोपकार, समरसता और भाईचारे की देती रहेंगी प्रेरणा : राज्यपाल -मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना
रांची, 24 नवंबर (हि.स.)। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर झारखंड में श्रद्धा और उल्लास का माहौल है। इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों सहित देशवासियों को दोनों पर्वों की शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की अमृतवाणी और उनकी शिक्षाएं युगों-युगों तक मानवता को परोपकार, सामाजिक समरसता और भाईचारे के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पारंपरिक अंदाज में प्रदेशवासियों को 'जोहार' कहते हुए श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सत्य, सेवा और सद्भाव के मूल्यों को रेखांकित करते हुए कामना की कि श्री गुरु नानक देव जी के आदर्श प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

