रांची में आस्था के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, राज्यपाल संतोष गंगवार ने हटनिया तालाब में की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
रांची में आस्था के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, राज्यपाल संतोष गंगवार ने हटनिया तालाब में की पूजा-अर्चना


रांची में आस्था के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, राज्यपाल संतोष गंगवार ने हटनिया तालाब में की पूजा-अर्चना


रांची में आस्था के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, राज्यपाल संतोष गंगवार ने हटनिया तालाब में की पूजा-अर्चना


रांची में आस्था के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, राज्यपाल संतोष गंगवार ने हटनिया तालाब में की पूजा-अर्चना


-हटनिया, बड़ा तालाब, करमटोली और धुर्वा डैम समेत सभी घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब-सुरक्षा के लिए पुलिस बल के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात- सोमवार सुबह 6:03 बजे होगा सूर्योदय

रांची, 15 नवंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में रविवार को लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर के विभिन्न छठ घाटों और जलाशयों में हजारों व्रतियों और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार राजभवन के समीप स्थित हटनिया तालाब पहुंचे और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर विश्व कल्याण तथा झारखंड की सुख-समृद्धि की कामना की।

राज्यपाल ने इस पावन अवसर पर कहा कि उनकी छठी मैया से प्रार्थना है कि देश और राज्य के सभी नागरिक खुशहाल रहें। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची की महापौर रोशनी खलखो भी बड़ा तालाब पहुंचे। दोनों ने भगवान भुवन भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की।

छठ महापर्व को लेकर रविवार सुबह से ही राजधानी के छोटे-बड़े सभी घाटों पर तैयारियां शुरू हो गई थीं। दोपहर बाद से व्रतियों का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया और शाम होते-होते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। हटनिया तालाब, करमटोली तालाब, बड़ा तालाब, स्वर्णरेखा नदी, हटिया-धुर्वा डैम समेत शहर के विभिन्न जलाशयों में छठव्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा की।

रांची के तालाबों, डैम और नदी तटों के अलावा विभिन्न अपार्टमेंट परिसरों में सोसाइटी की ओर से बनाए गए अस्थायी जलाशयों में भी अर्घ्य अर्पित किया गया। व्रतियों ने केला, नारियल, घाघरा नींबू और अन्य मौसमी फलों के साथ ठेकुआ से सजे दउरा और सूप के साथ जलाशयों में पहुंचकर भगवान सूर्य की आराधना की।

छठी मैया के पारंपरिक गीतों, रोशनी और आकर्षक सजावट से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। अर्घ्य के दौरान व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। घाटों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कई परिवारों के सभी सदस्य एक साथ पूजा में शामिल हुए।

छठ महापर्व की विशेषता है कि रोजगार और पढ़ाई के सिलसिले में देश-विदेश में रहने वाले लोग भी इस अवसर पर अपने घर लौटने का प्रयास करते हैं। कई परिवारों के ऐसे सदस्य, जो पूरे साल घर नहीं आ पाते, छठ के अवसर पर परिवार के साथ पर्व मनाने जरूर पहुंचते हैं।

श्रद्धालुओं का कहना है कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, पारिवारिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। इस पर्व से लोगों की भावनाएं और पारिवारिक स्मृतियां जुड़ी होती हैं। यही वजह है कि दूरी चाहे कितनी भी हो, छठ पर घर लौटने का उत्साह अलग ही होता है।

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। सोमवार सुबह व्रती उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर महापर्व का समापन करेंगे। रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजकर 3 मिनट पर सूर्योदय होगा। इसके बाद सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर व्रती पारण करेंगे और फिर चार दिनों तक चलने वाले कठिन निर्जला व्रत का समापन करेंगे।

छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। जलाशयों तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई के साथ घाटों पर रोशनी और सजावट की विशेष व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रांची जिला प्रशासन और एसडीएफ की ओर से बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। इसके अलावा जलाशयों और तालाबों में एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात रहीं। जलाशयों में गहरे पानी वाले क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें बांस और रस्सियों से घेरा गया है। ऐसे स्थानों को लाल निशान लगाकर चिह्नित किया गया, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि जिले में छठ महापर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। सभी छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story