बुंडू कॉलेज की एनसीसी यूनिट फिर शुरू कराने की मांग पर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
बुंडू कॉलेज की एनसीसी यूनिट फिर शुरू कराने की मांग पर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन


रांची, 21 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को राज्यपाल से मुलाकात की। इसके साथ ही पीपीके कॉलेज, बुंडू की 41 वर्षों से संचालित एनसीसी यूनिट का निलंबन समाप्त कर पुनः शुरू करने की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया। देवेंद्र नाथ महतो ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि राज्यपाल ने बुंडू कॉलेज की उस एनसीसी यूनिट को फिर से शुरू कराने की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मामले में राज्यपाल से अविलंब हस्तक्षेप करने की मांग की गई है।

राज्यपाल ने संबंधित विभाग एवं विश्वविद्यालय को पत्र लिखने का आश्वासन दिया।

देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि एनसीसी यूनिट बंद होने से बुंडू, तमाड़, सिल्ली, राहे, सोनाहातू और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के अवसर प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और गरीब परिवारों के बच्चों के लिए एनसीसी अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कॉलेज प्रबंधन की कथित लापरवाही को मौजूदा स्थिति के लिए जिम्मेदार बताते हुए मामले की निष्पक्ष समीक्षा और जवाबदेही तय करने की भी मांग की। महतो ने बताया कि संबंधित एनसीसी बटालियन और कमान अब कॉलेज में यूनिट का संचालन जारी रखने के इच्छुक नहीं हैं।

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यूनिट दोबारा शुरू कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उचित कार्रवाई नहीं होने पर विद्यार्थियों और अभिभावकों से विचार-विमर्श कर लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय की जाएगी।

राज्यपाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में गिरिधर महतो, वर्षा रानी, दुर्गामणि कुमारी और प्राची कुमारी शामिल थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764623 Articles

Share this story