सरकार बढ़ाएगी जमीन रजिस्ट्री फीस, 01 अगस्त से होगा लागू

WhatsApp Channel Join Now


रामगढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले में जमीन की रजिस्ट्री कराना नागरिकों को अब महंगा पड़ेगा। सरकार अब जमीन की रजिस्ट्री करने के लिए स्टांप फीस में वृद्धि करने वाली है। रामगढ़ जिले के सब रजिस्टार शंकर मुंडा ने गुरुवार को बताया कि आम नागरिकों को इसकी जानकारी पहले से दी जा रही है। साथ ही वैसे लोग जो अपना जमीन का निबंधन करने वाले हैं वे यदि 01 अगस्त से पहले करते हैं तो पुराने दर पर ही निबंधन की प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने बताया कि रामगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्र में पड़ने वाले जमीन के निबंधन को लेकर सरकार ने टैक्स में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी 01 अगस्त 2026 से लागू होगी।

सब रजिस्ट्रार शंकर मुंडा ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति इस महीने के बाद अगर अपना भूमि निबंधन कराता है, तो उन्हें बढ़ी हुई फीस के आधार पर ही पेपर खरीदने होंगे। उन्होंने बताया कि रामगढ़ जिले में हर 02 वर्ष पर रजिस्ट्री फीस में इजाफा होता है। शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्रों में यह वृद्धि एक साल छोडकर की जाती है। शहरी क्षेत्र में पिछले वर्ष टैक्स की बढ़ोतरी की गई थी। इस वर्ष ग्रामीण क्षेत्र की भूमि के निबंध को लेकर टैक्स में वृद्धि की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story