वियतनाम हादसे में मृत राजा के परिजनों को सरकार ने दी पांच लाख की सहायता

WhatsApp Channel Join Now
वियतनाम हादसे में मृत राजा के परिजनों को सरकार ने दी पांच लाख की सहायता


रांची, 07 अक्टूबर (हि.स.)। वियतनाम में बाइक दुर्घटना में जान गंवाने वाले कैलाश नगर चुना भट्ठा निवासी राजा कुमार वर्मा के परिजनों को झारखंड सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी गयी। बुधवार को श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव और राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी राजा कुमार के आवास पहुंचे और परिजनों की मौजूदगी में उनके खाते में मुआवजा राशि भेजी।

इस अवसर पर झामुमो नेता नंद किशोर सिंह चंदेल ने बताया कि हादसे के बाद से ही सांसद डॉ महुआ माजी परिवार की सहायता के लिए प्रयासरत थीं। उन्होंने कहा कि पार्थिव शरीर को कोलकाता से रांची लाने के लिए एंबुलेंस सहित आवश्यक सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया गया।

श्रम मंत्री और सांसद ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि नियमानुसार परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। मृतक की बहन की पढ़ाई, भाई को रोजगार और परिवार के आवास और बेहतर ढंग से जीवनयापन के लिए आवश्यक सहयोग दिलाने की दिशा में भी पहल की जाएगी।

डॉ महुआ माजी ने सहायता के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया।

मौके पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, एसडीओ कुमार रजत, एडीएम धनंजय कुमार, श्रम विभाग की टीम, टाउन सीओ, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा, वार्ड पार्षद बबली सोनी सहित अन्य मौौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story