कोयला चोरी रोकने में नाकाम है राज्य सरकार : सत्येंद्रनाथ
रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में एमएमडीआर संशोधन से जुड़े संकल्प पर चर्चा के दौरान गुरूवार को सदन की कार्यवाही के दूसरी पाली में कोयला चोरी और अवैध कारोबार को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
इस दौरान भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने राज्य सरकार पर कोयला चोरी रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि हालात ऐसे हैं कि सीसीएल के जवानों को भी कोयला चोरी रोकने की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है।
दरअसल, चर्चा के दौरान विधायक मथुरा महतो ने कोयला चोरी के मुद्दे पर कहा कि यदि कोयले की चोरी हो रही है तो इसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। उनके इस बयान पर पलटवार करते हुए सत्येंद्रनाथ तिवारी ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कोयले की चोरी और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर गंभीर नहीं है।
भाजपा विधायक ने कहा कि राज्य में कोयला चोरी रोकने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अवैध खनन और कोयले के कारोबार पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। सत्येंद्रनाथ तिवारी ने बंद पड़ी खदानों और उनके टेंडर में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की लापरवाही या कार्यशैली के कारण खदानों का टेंडर नहीं हो पा रहा है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने खदानों को समय पर चालू कराने और खनिज संसाधनों के समुचित उपयोग पर जोर दिया, ताकि राज्य को राजस्व का नुकसान न हो और आर्थिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

