बुली महतो की 241 वीं जयंती पर सोनाहातू में जुटेंगे गणमान्य
रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। कोल विद्रोह के अग्रणी स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर बुली महतो की 241 वीं जयंती पर एक दिसंबर को सोनाहातू प्रखंड के बुली महतो चौक पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य रूप से शामिल होंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां तेज हैं। यह जानकारी देते हुए कार्यक्रम के आयोजक एवं सिल्ली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि समारोह के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
राज्यपाल के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। झारखंड अलग राज्य आंदोलन के शहीदों के परिजनों को भी समारोह में आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजन में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, इतिहासकार और पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंंने बताया कि आयोजन समिति के अनुसार, वीर बुली महतो का जन्म 27 नवंबर 1785 को सोनाहातू प्रखंड के कोडाडीह गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था और उन्हें काला पानी की सजा सुनाई गई थी।
समारोह के माध्यम से उनके ऐतिहासिक योगदान और बलिदान को याद किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

