किसानों को समय पर धान बीज उपलब्ध कराए सरकार : देवेंद्र

WhatsApp Channel Join Now
किसानों को समय पर धान बीज उपलब्ध कराए सरकार : देवेंद्र


रांची, 13 जून (हि.स.)।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने किसानों के बीच धान बीज वितरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से अविलंब बीज उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में जेएलकेएम के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में शनिवार को सोनाहातू प्रखंड कृषि पदाधिकारी के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज महथा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि धान की खेती का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक किसानों के बीच सरकारी स्तर पर धान बीज का वितरण नहीं किया गया है। इसके कारण किसान निजी दुकानों से ऊंची कीमत पर बीज खरीदने को विवश हैं, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है और आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और कृषि विभाग किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रहे हैं। खेती के महत्वपूर्ण समय में बीज वितरण में देरी किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सभी पात्र किसानों के बीच धान बीज का वितरण सुनिश्चित नहीं किया गया तो जेएलकेएम किसानों को साथ लेकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेगा।

मौके पर गदाधर महतो, ललित महतो, सचिन महतो, खगेन महतो, उपेंद्र महतो सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story