झारखंड आंदोलनकारियों का समूह बीमा कराए सरकार : पुष्कर

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड आंदोलनकारियों का समूह बीमा कराए सरकार : पुष्कर


रांची, 22 जुलाई (हि.स.)। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड आंदोलनकारियों के लिए समूह बीमा योजना लागू करे। ताकि आंदोलनकारियों के आकस्मिक निधन की लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सरकार को उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए शीघ्र ठोस पहल करनी चाहिए।

पुष्कर महतो ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बोकारो जिले के चास प्रखंड स्थित उकरीद गांव निवासी झारखंड आंदोलनकारी अब्दुल कलाम और चतरा निवासी जियाउद्दीन खान के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राज्य के हित में समर्पित किया, लेकिन आज अनेक आंदोलनकारी आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और कल्याण के लिए विशेष योजनाएं संचालित हैं, उसी तरह झारखंड आंदोलनकारियों के लिए भी प्रभावी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। उनका कहना था कि समय के साथ आंदोलनकारियों की संख्या लगातार कम होती जा रही है, इसलिए सरकार को उनके सम्मान और परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए समूह बीमा सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story