पेट्रोल, डीजल और बढ़ती महंगाई पर जवाब दे केंद्र : विनोद

WhatsApp Channel Join Now
पेट्रोल, डीजल और बढ़ती महंगाई पर जवाब दे केंद्र : विनोद


रांची, 13 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केन्द्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने केंद्र सरकार पर देश की जनता को आर्थिक संकट, महंगाई और योजनाबद्ध तरीके से अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों, बढ़ती महंगाई और कमजोर होती अर्थव्यवस्था पर केन्द्र सरकार जवाब दे। पांडेय ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की ओर से पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर दिया गया बयान वास्तविकता से दूर और जनता को भ्रमित करने वाला है। लेकिन असली समस्या अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत नहीं, बल्कि भाजपा की चुनावी तेल नीति है। इसका पूरा बोझ देश के आम नागरिकों ने उठाया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 10 वर्षों तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों को आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया।

विनोद पांडेय ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक अस्थिरता का सबसे बड़ा संकेत सोने की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि है। पिछले एक वर्ष में सोने के दाम कई गुना बढ़े, लेकिन आम लोगों की आय, वेतन या बैंक जमा में वैसी वृद्धि नहीं हुई। उल्टा भारतीय रुपया लगातार कमजोर होता गया। यही कारण है कि पूरी दुनिया में सोने को सेफ एसेट माना जाता है, क्योंकि जब लोगों का अपनी करेंसी और अर्थव्यवस्था पर भरोसा घटता है, तो वे सोने की ओर रुख करते हैं। महासचिव ने राशन कार्ड रद्दीकरण के मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड में भी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे बहानों के माध्यम से गरीब, आदिवासी, मूलवासी और झारखंडियों का राशन छीनने की साजिश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story