सरकारी छात्रों ने बोरा दौड, रस्सी कूद योग्याभ्यास से उठाया समर कैंप का आनंद
रांची, 19 मई (हि.स.)। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप 2026 की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। सीखें, खेलें, सृजन करें थीम पर आधारित इस कैंप में कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समर कैंप के प्रथम दिन खेल के साथ फिटनेस एवं सृजन के संग बचपन विषय पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यालयों को योगाभ्यास, बोरा दौड, फिटनेस अभ्यास, दौड़, रस्सीकूद, पारंपरिक खेल किया। समूह आधारित इस मनोरंजक कार्यक्रमों में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा, खेल भावना और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। शारीरिक शिक्षा एवं खेल प्रभाग के प्रभारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से यह समर कैंप 21 मई तक संचालित होगा।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना और सक्रिय जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। गर्मी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखा गया। इस दौरान कई विद्यालयों में विद्यार्थियों ने स्थानीय संस्कृति एवं पारंपरिक कलाओं से जुड़े खिलौने, मॉडल और हस्तनिर्मित कलाकृतियां तैयार कीं। चित्रकला, हस्तशिल्प और अन्य सृजनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच उभरकर सामने आई। विद्यालय परिसर बच्चों की ऊर्जा और सहभागिता से जीवंत दिखाई दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

