अभिभावक संघ ने की 'सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस' के परिणाम सार्वजनिक करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अभिभावक संघ ने की 'सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस' के परिणाम सार्वजनिक करने की मांग


रांची, 20 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड अभिभावक संघ ने राज्य सरकार से सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के मैट्रिक परीक्षा परिणाम को जिलावार और स्कूलवार सार्वजनिक करने की मांग की है। संघ का कहना है कि इससे इन विद्यालयों की वास्तविक शैक्षणिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

संघ के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हाल के दिनों में कई जिलों से कमजोर परीक्षा परिणाम की खबरें सामने आई हैं, जिससे इन स्कूलों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार कुल विद्यालयों की संख्या, प्रत्येक स्कूल में परीक्षार्थियों की संख्या, पास प्रतिशत, विषयवार प्रदर्शन के साथ-साथ कम्पार्टमेंट और फेल छात्रों के आंकड़े भी सार्वजनिक करे।

अजय राय ने कहा कि पारदर्शिता के अभाव में अभिभावक असमंजस की स्थिति में हैं कि वे अपने बच्चों का नामांकन इन सरकारी मॉडल स्कूलों में कराएं या निजी विद्यालयों का विकल्प चुनें। इससे सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में राज्य में 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस संचालित हो रहे हैं, जबकि 100 और विद्यालयों को अपग्रेड करने की प्रक्रिया जारी है।

संघ ने आगे मांग करते हुए कहा कि कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों का अकादमिक ऑडिट कराया जाए, शिक्षकों की जवाबदेही तय की जाए और सभी स्कूलों में अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) का गठन अनिवार्य किया जाए। साथ ही जिला स्तर पर निगरानी समितियों को सक्रिय करने की भी मांग की गई है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story