केंद्र को आर्थिक चुनौतियों पर ठोस कदम उठाने की जरूरत : विनोद
रांची, 11 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार को देेश की वर्तमान आर्थिक स्थिति, बढ़ती महंगाई और आम लोगों पर बढ़ते आर्थिक दबाव को लेकर केंद्र सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते खर्च से पहले से ही परेशान है, ऐसे में सरकार को राहत देने वाली नीतियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
विनोद पांडेय ने कहा कि हाल के दिनों में पेट्रोल बचाने, अनावश्यक खर्च कम करने और घरेलू संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसी अपीलों के बीच सरकार को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के लिए महंगाई नियंत्रण, रोजगार सृजन और आर्थिक स्थिरता पर प्राथमिकता के साथ कार्य होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। साथ ही किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए।
विनोद पांडेय ने कहा कि जनता सरकार से पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास से जुड़े ठोस परिणामों की अपेक्षा रखती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

