छात्रों के धैर्य से खिलवाड़ न करे सरकार : देवेंद्रनाथ महतो
रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं धांधली के विरोध में आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने शुक्रवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर दो टूक कहा कि सरकार छात्रों के सब्र की परीक्षा लेकर अराजकता को निमंत्रण न दे, नहीं तो स्थिति भयावह हो सकती है। छात्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। सरकार को सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेने के बजाय लगातार टालने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आंदोलनरत छात्र किसी टकराव के पक्ष में नहीं हैं, बल्कि निष्पक्ष जांच, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और न्यायपूर्ण निर्णय की मांग कर रहे हैं। सरकार को चाहिए कि वह छात्रों की जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय ले और संवाद के माध्यम से समाधान निकाले। यदि समय रहते पहल नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य के हजारों युवा रोजगार और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया की उम्मीद में वर्षों से तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को उनके धैर्य और विश्वास की लगातार परीक्षा लेने के बजाय संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अराजक स्थिति उत्पन्न न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

