भीषण गर्मी को लेकर आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी की मांग, मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी को लेकर आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी की मांग, मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र


रांची, 22 मई (हि.स.)। झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए झारखंड समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ ने राज्यभर के आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित करने की मांग उठाई है। संघ के संयोजक जेपी पांडेय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।

जेपी पांडेय ने अपने पत्र में कहा है कि वैज्ञानिकों ने सुपर अल नीनो के प्रभाव के कारण अगले दो महीनों तक अत्यधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की भीषण गर्मी पूर्व में वर्ष 1870 में देखने को मिली थी। ऐसे हालात में आंगनवाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को गर्मी की छुट्टी नहीं दिया जाना गंभीर चिंता का विषय है।

जेपी पांडेय ने कहा कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले नन्हे बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कई आंगनवाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं भी गर्मी की चपेट में आ चुकी हैं। बावजूद इसके सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

संघ के संयोजक ने राज्य सरकार पर आंगनवाड़ी कर्मियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यभर में कार्यरत सेविका और सहायिकाओं को कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा पोषण राशन की राशि, मोबाइल रिचार्ज मद, मकान भाड़ा तथा सीबीई मद की राशि का भुगतान भी अब तक लंबित है।

जेपी पांडेय ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बच्चों और आंगनवाड़ी कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया जाए। साथ ही लंबित भुगतान की समस्याओं का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story