बालू की कमी बोलकर विकास कार्य प्रभावित नहीं कर सकती सरकार : आशा

WhatsApp Channel Join Now
बालू की कमी बोलकर विकास कार्य प्रभावित नहीं कर सकती सरकार : आशा


गुमला, 04 जुलाई (हि.स.)।

राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने शनिवार को चैनपुर प्रखंड मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं की समीक्षा की।

इस अवसर पर आशा लकड़ा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बालू की कमी या अन्य तकनीकी कारणों का हवाला देकर विकास कार्यों में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं की बाधाओं का तत्काल समाधान कर समयबद्ध तरीके से आम लोगों तक लाभ पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए डॉक्टर, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और जलापूर्ति बाधित रहने की शिकायत की। इस पर आयोग की सदस्य ने योजना की विस्तृत समीक्षा कर खराब पड़ी योजनाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा, जर्जर सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे भी उठे। आशा लकड़ा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों पर संबंधित विभागों से त्वरित कार्रवाई कराई जाएगी।

बैठक में सुदूर गांवों से पहुंचे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क एवं विकास योजनाओं से जुड़ी समस्याएं उठाई। दौरे के दौरान बीडीओ यादव बैठा और जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने उनका स्वागत किया।

बैठक में अंचलाधिकारी दिनेश गुप्ता, सीओ नरेंद्र सेठ, बीपीओ संदीप उरांव, पंचायत सचिव राममोहन साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story