एंबुलेंस चालकों के हड़ताल पर अपर मुख्य सचिव ने वैकल्पिक व्यवस्था के दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
एंबुलेंस चालकों के हड़ताल पर अपर मुख्य सचिव ने वैकल्पिक व्यवस्था के दिया निर्देश


रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। राज्य में 108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर आपातकालीन एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सम्मान फाउंडेशन को दी गई है।

समीक्षा के दौरान कई जिलों में एंबुलेंस चालकों के हड़ताल पर रहने और वाहनों की चाबियां अपने पास रखने की जानकारी मिली। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि चाबियां नहीं सौंपने वाले चालकों के खिलाफ सम्मान फाउंडेशन के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित करे या वैकल्पिक चालकों की व्यवस्था करे। इसमें विफल रहने पर फाउंडेशन के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

उन्होंने जिला प्रशासन को जरूरत पड़ने पर पड़ोसी जिलों, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से एंबुलेंस मंगाने और वाहन किराये पर लेकर सेवा बहाल रखने का निर्देश दिया। इसका खर्च स्वास्थ्य विभाग वहन करेगा।

अपर मुख्य सचिव ने सम्मान फाउंडेशन को बकाया वेतन 24 घंटे के भीतर भुगतान करने का निर्देश दिया। बैठक में एनएचएम अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने दोहराया कि मरीजों की आपातकालीन सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780636 Articles

Share this story