सहायक अध्यापकों के लिए खुशखबरी, अनुकंपा नौकरी प्रस्ताव अगले कैबिनेट में

WhatsApp Channel Join Now
सहायक अध्यापकों के लिए खुशखबरी, अनुकंपा नौकरी प्रस्ताव अगले कैबिनेट में


रांची, 29 अप्रैल (हि.स.)। राज्य के लगभग 45 हजार आकलन-प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत का संकेत दिया है। सहायक अध्यापकों की सेवा सुरक्षा और भविष्य को लेकर बुधवार को राज्य सरकार और संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें अनुकंपा नियुक्ति का प्रस्ताव अगले कैबिनेट में लाने पर सहमति बनी। इसे लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकृत मंत्री इरफान अंसारी, शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, शिक्षा विभाग के अधिकारी और झारखंड राज्य आकलन-प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक लगभग एक घंटे तक चली।

सरकार की ओर से प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया गया कि सहायक अध्यापकों के हितों की रक्षा की जाएगी। मंत्रियों ने कहा कि शिक्षक निश्चिंत होकर अपना कार्य करें, सरकार समाधान निकालने के लिए गंभीर है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

बैठक में यह महत्वपूर्ण सहमति बनी कि यदि सेवा अवधि के दौरान किसी सहायक अध्यापक की मृत्यु होती है, तो उनके आश्रित परिवार के सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने का प्रस्ताव अगले कैबिनेट में लाया जाएगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला फिलहाल उच्चतम न्यायालय में लंबित है। न्यायालय का जो भी फैसला आएगा, उसके पांच दिनों के भीतर पुनः उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक के बाद संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों ने संतोष जताया और सरकार के सकारात्मक रुख का स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story