लोहरदगा में मनाया गया गुड फ्राइडे, ईसा मसीह के बलिदान को किया स्मरण

WhatsApp Channel Join Now
लोहरदगा में मनाया गया गुड फ्राइडे, ईसा मसीह के बलिदान को किया स्मरण


लोहरदगा, 03 अप्रैल (हि.स.)। लोहरदगा जिले में ईसाई धर्मावलंबियों ने गुड फ्राइडे का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। इस दिन को पुण्य शुक्रवार या पवित्र शुक्रवार भी कहा जाता है। मान्यता है कि इसी दिन दोपहर तीन बजे यरूशलेम के कलवारी पहाड़ पर ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाया गया था, जहां उन्होंने मानवता के कल्याण के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

इस अवसर पर सुबह से ही गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। श्रद्धालुओं ने ईसा मसीह की पीड़ा और बलिदान को याद करते हुए “क्रूस रास्ता” (प्राण पीड़ा की यात्रा) का पालन किया। चालीस दिनों की तपस्या और संयम के बाद यह दिन उनके त्याग और शहादत की स्मृति में मनाया जाता है।

संत उर्सूला अस्पताल की अधीक्षक डॉ. आईलिन कुजूर ने कहा कि गुड फ्राइडे आत्मचिंतन और हृदय परिवर्तन का दिन है। उन्होंने बताया कि ईसा मसीह ने अपने बलिदान के माध्यम से मानवता को क्षमा, प्रेम और त्याग का संदेश दिया। यह दिन लोगों को बुराई छोड़कर सच्चाई और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि यद्यपि यह दिन ऐतिहासिक रूप से पीड़ा और शोक का प्रतीक है, लेकिन ईसा मसीह के बलिदान ने इसे “गुड” यानी पवित्र और महान बना दिया। यह दिन त्याग, तपस्या और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर

Share this story