जयपुर मोड़ गोलीकांड के चार अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर मोड़ गोलीकांड के चार अपराधी गिरफ्तार


जयपुर मोड़ गोलीकांड के चार अपराधी गिरफ्तार


देवघर, 25 अप्रैल (हि.स.)। मोहनपुर थाना क्षेत्र के जयपुर मोड़ पर 23 अप्रैल की रात हुई लूट और गोलीकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस घटना में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपित की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक अन्य आरोपित अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने एक मालवाहक मैजिक वाहन को रोककर चालक के साथ मारपीट की और पिस्टल के बल पर करीब दो हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और वाहन लूट लिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया वाहन भी बरामद कर लिया।

कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ जैसी स्थिति में एक अपराधी को गोली लग गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजन लाल (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इस कांड में कुल छह अपराधी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपितों में अकरम समानी (22), शहजाद शेख उर्फ गोलू (22), शिवम कुमार (24) और राहुल कुमार (25) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा, लूटा गया मैजिक वाहन, बिना नंबर की आर 15 बाइक और फटा हुआ नंबर प्लेट बरामद किया है। इस संबंध में मोहनपुर थाना में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story