जामताड़ा के शिव मंदिर में मां पार्वती की प्रतिमा खंडित, इलाके में तनाव

WhatsApp Channel Join Now


जामताड़ा, 17 मई (हि.स.)। जामताड़ा थाना क्षेत्र के गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में रविवार सुबह उस समय तनाव फैल गया जब श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में मां पार्वती की प्रतिमा को खंडित अवस्था में पाया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोश व्यक्त किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह नियमित पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर मंदिर में स्थापित मां पार्वती की प्रतिमा पर पड़ी। प्रतिमा के दोनों ओर गंभीर क्षति के निशान थे और उसका सिर/गर्दन टूटा हुआ मिला। यह दृश्य देखकर श्रद्धालु और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिमा को जिस तरह नुकसान पहुंचाया गया है, उससे यह आशंका मजबूत होती है कि यह किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर की गई हरकत है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया और लोगों ने दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके और जल्द कार्रवाई की जा सके।

फिलहाल पुलिस क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील कर रही है और मामले की जांच जारी है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story