गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में 2026-27 सत्र में 63 सीटों पर बीएचएमएस जारी रहेगा

WhatsApp Channel Join Now
गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में 2026-27 सत्र में 63 सीटों पर बीएचएमएस जारी रहेगा


रांची, 30 अगस्त (हि.स.)। गोड्डा के राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (एनसीएच) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज में 63 सीटों पर बीएचएमएस पाठ्यक्रम जारी रखने को मंजूरी दी है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग ने 28 अगस्त, 2026 को जारी आदेश में कॉलेज के लिए 63 सीटों के इंटेक का उल्लेख करते हुए बीएचएमएस पाठ्यक्रम जारी रखने की बात कही है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वयं दिल्ली जाकर राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के अधिकारियों के समक्ष कॉलेज का पक्ष रखा। उनका प्रयास रहा कि किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।

उन्होंने बताया कि आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबीएच) ने कॉलेज में शिक्षण स्टाफ, आधारभूत संरचना और अन्य निर्धारित मानकों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी आयोग को दी गई है।

राज्य सरकार के अनुसार, शिक्षण स्टाफ की कमी दूर करने के लिए 53 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी कार्रवाई जारी है।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बीएचएमएस पाठ्यक्रम को जारी रखना नहीं है, बल्कि गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज को बेहतर शिक्षण व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा संस्थान के रूप में विकसित करना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story