लग्जरी कार से बकरी चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लग्जरी कार से बकरी चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार


पूर्वी सिंहभूम, 08 मई (हि.स.)।जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग को भी पकड़ा है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य अब भी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

जानकारी के अनुसार, बोड़ाम थाना क्षेत्र के कई गांवों में बीते कुछ दिनों से रात के समय बकरियां चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी बढ़ने के बाद पुलिस ने विशेष निगरानी शुरू की। इसी बीच मिर्जाडीह गांव में हुई ताजा बकरी चोरी की घटना के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। जांच के क्रम में पुलिस ने आजादनगर निवासी मोहम्मद इरफान (२२) को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक नाबालिग भी पकड़ा गया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए सफेद रंग की आई-20 कार का इस्तेमाल करते थे। गिरोह रात के अंधेरे में गांवों में पहुंचकर बकरियां चोरी करता और फिर कार में लादकर फरार हो जाता था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त लग्जरी आई-20 कार (जेएच 01 एफएस-2863) को जब्त कर लिया है।

थाना प्रभारी नीरज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि बोड़ाम थाना कांड संख्या 31/26 में मोहम्मद इरफान को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं पकड़े गए नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की गई तीन बकरियां भी बरामद कर ली हैं। सभी बकरियों को उनके वास्तविक मालिकों को जिम्मेनामा पर सौंप दिया गया। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की कई अन्य घटनाओं से जुड़ी अहम जानकारियां भी मिली हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story