मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने की मुलाकात, रेल सेवाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने की मुलाकात, रेल सेवाओं के विस्तार पर हुई चर्चा


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने की मुलाकात, रेल सेवाओं के विस्तार पर हुई चर्चा


रांची, 19 मई (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार जैन और रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) करुणानिधि सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार, यात्री सुविधाओं के विकास और रेलवे से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य में बढ़ती आबादी और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए रेल सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से देश के महत्वपूर्ण राज्यों में शामिल है, इसलिए यहां मजबूत और आधुनिक रेल नेटवर्क का विकास बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने रेल अधिकारियों से राज्य के विभिन्न जिलों को बेहतर रेल संपर्क से जोड़ने, नई ट्रेनों की शुरुआत और लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी लाने को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क मजबूत होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक के दौरान यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के मुद्दे पर भी विशेष चर्चा हुई। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रतीक्षालय और डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में चल रहे कार्यों की जानकारी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दी। साथ ही रेलवे की ओर से राज्य में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और भविष्य की परियोजनाओं पर भी प्रस्तुति दी गई।

रेल अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से झारखंड में रेल अवसंरचना को और मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुविधा और माल परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रहा है।

इस अवसर पर रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह तथा दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक के सचिव अजय कुमार भी मौजूद थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story