सोशल माडिया पर हुई दोस्ती के बाद युवती का अपहरण, सात दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप
रामगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती रामगढ़ की एक 19 वर्षीय युवती को भारी पड़ गई। आरोप है कि दोस्ती के बाद युवक ने उसे बहाने से बुलाकर हजारीबाग ले गया, जहां सात दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रामगढ़ पुलिस ने उसे हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पीड़िता के बयान के आधार पर रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता की कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हजारीबाग के कोर्रा निवासी रितिक सिंह से पहचान हुई थी। दोनों के बीच पहले फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संपर्क बढ़ गया।
आरोप है कि 5 जुलाई को रितिक ने युवती को फिल्म दिखाने के बहाने राजीव सिनेमा हॉल के पास बुलाया। उसने युवती से केवल जेल मोड़ तक आने को कहा था। वहां वह अपने दो साथियों के साथ कार से पहुंचा और युवती को अपने साथ हजारीबाग ले गया।
प्राथमिकी के अनुसार, रास्ते में आरोपित ने अपने दोनों साथियों को उतार दिया और बाद में युवती को स्कूटी से एक किराए के कमरे में ले गया। वहां उसका मोबाइल फोन छीनकर उसे बंधक बना लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई, कई बार जबरन दुष्कर्म किया गया और गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया गया।
पीड़िता ने 12 जुलाई की रात मौका मिलने पर मकान मालिक के मोबाइल फोन से अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद रामगढ़ पुलिस ने हजारीबाग पहुंचकर उसे सकुशल बरामद कर लिया और आरोपित रितिक सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया है तथा न्यायालय में उसका बयान भी दर्ज कराया गया है। मामले की जांच जारी है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

