पुल पर बाढ़ में फंसे तीन युवक, तेज बहाव में बही बाइक

WhatsApp Channel Join Now
पुल पर बाढ़ में फंसे तीन युवक, तेज बहाव में बही बाइक


चतरा, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले के टंडवा में गुरुवार को पुल पार करने के दौरान अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन युवक बीच धार में फंस गये। पुलिस और ग्रामीणों ने तीनों को बचाया।

टंडवा के गेरुवा नदी में अचानक आई बाढ़ के बीच पीपा पुल पार कर रहे दो बाइक सवार तेज बहाव में फंस गए। उन्हें बचाने पहुंचे एक स्थानीय युवक को भी बाढ़ के पानी ने अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जबकि एक पल्सर-220 बाइक तेज बहाव में बह गई।

जानकारी के अनुसार संदीप कुमार (30) और बलराम गोस्वामी बाइक से टंडवा बाजार आए थे। दोनों चप्पल खरीदकर वापस लौट रहे थे। गेरुवा नदी पर बने पीपा पुल को पार करने के दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और दोनों बीच पुल में फंस गए।

दोनों के बाढ़ में फंसे होने की जानकारी मिलने पर उड़सू निवासी संजय पासवान उन्हें बचाने पहुंचे। इसी दौरान पानी का बहाव तेज होने से वह भी धार में फंस गए। देखते ही देखते पानी का स्तर बढ़ गया और उनकी बाइक बह गई। तीनों युवक भी तेज बहाव की चपेट में आ गए।

दो युवकों ने किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई, जबकि एक युवक को चुंदरू को जोड़ने वाले पीपा पुल के समीप पुलिस और ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story