महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक विकसित भारत-2047 की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे : गीता कोड़ा
रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। इनसे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था अधिक समावेशी और सशक्त होगी तथा महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने झारखंड के सभी 14 लोकसभा और छह राज्यसभा सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर दोनों विधेयकों का समर्थन करने और संसद में इन्हें पारित कराने में सहयोग करने की अपील की।
गीता कोड़ा रविवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के प्रति भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रतिबद्धता स्पष्ट है। नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। यह देश की महिलाओं के अधिकारों, आकांक्षाओं और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाने के बजाय विकास और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदार बनाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी सृजन, शक्ति, सामर्थ्य और नेतृत्व की प्रतीक रही है। वैदिक काल की विदुषी गार्गी और मैत्रेयी से लेकर रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर तक भारतीय इतिहास महिलाओं के अदम्य साहस और नेतृत्व क्षमता का साक्षी है। ऐसे में नारी सशक्तीकरण भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा रहा है।
गीता कोड़ा ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का वास्तविक अर्थ महिलाओं को केवल सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व करने का अवसर देना है। महिलाओं को लाभार्थी की भूमिका से आगे बढ़ाकर विकास की भागीदार और नेतृत्वकर्ता बनाना जरूरी है। महिला सशक्तीकरण तभी सार्थक होगा, जब महिलाएं परिवार, समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के प्रत्येक स्तर पर निर्णय प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2023 में पारित 106वां संविधान संशोधन महिलाओं को विधायी संस्थाओं में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह केवल आरक्षण का विषय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी और निर्णय क्षमता को संस्थागत स्वरूप देने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को राष्ट्र के भविष्य से जुड़े फैसलों में उचित स्थान मिलना चाहिए। महिला आरक्षण राजनीतिक अधिकार देने के साथ सामाजिक परिवर्तन का भी प्रभावी माध्यम बनेगा। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र में समाज के विविध अनुभवों और दृष्टिकोणों को प्रतिनिधित्व मिलेगा। इससे नीति निर्माण में संवेदनशीलता, समावेशिता और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूती मिलेगी।
भाजपा नेता ने कहा कि महिला आरक्षण का उद्देश्य केवल सीटों का विस्तार करना नहीं, बल्कि लोकतंत्र में महिलाओं के सम्मान और सहभागिता को बढ़ाना है। देश की बेटियां अब केवल इतिहास बनाने वाली नहीं, बल्कि देश का भविष्य निर्धारित करने वाली नेतृत्वकर्ता भी बनेंगी। नारी शक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है और नारी नेतृत्व विकसित भारत की आवश्यकता है।
गीता कोड़ा ने कहा कि जब आधी आबादी निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनेगी, तभी लोकतंत्र अपनी वास्तविक शक्ति प्राप्त करेगा। महिला सशक्तीकरण किसी एक सरकार की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई मजबूती देगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण राजनीति में महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार है, न कि किसी दूसरे वर्ग के अधिकारों का संकुचन।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने देश की आधी आबादी से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। महिलाओं को नेतृत्व का अवसर देना केवल उनके उत्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी नए अवसर और संभावनाएं पैदा करना है।
गीता कोड़ा ने परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि उसे परिसीमन और आदिवासी सीटों के सवाल पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने वर्ष 2007 के परिसीमन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस समय केंद्र की कांग्रेस सरकार झारखंड की सात विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट को आदिवासी आरक्षित श्रेणी से कम करने की दिशा में काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि उस फैसले के खिलाफ झारखंड में व्यापक विरोध हुआ था। विरोध के बाद राज्य में परिसीमन की प्रक्रिया वर्ष 2026 तक के लिए रोक दी गई थी।
कोड़ा ने कांग्रेस से अपने पुराने फैसलों और आदिवासी हितों के प्रति उसके रवैये पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण दोनों ही देश के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। इनका उद्देश्य राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करना और विकास की प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। ऐसे मुद्दों पर राजनीतिक विरोध से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और राज्यों के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े दोनों विधेयक लोकसभा और राज्यसभा में ध्वनिमत से पारित होंगे। उन्होंने झारखंड के सभी 14 लोकसभा और छह राज्यसभा सांसदों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर दोनों विधेयकों का समर्थन करें और इन्हें पारित कराने में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण और संतुलित राजनीतिक प्रतिनिधित्व की दिशा में ये विधेयक महत्वपूर्ण साबित होंगे। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की अहम भूमिका होगी।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित थीं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

