परमहंस सदानंद महाराज के 82वें जन्मोत्सव पर गौ सेवा से सेवा कार्यों का शुभारंभ
रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। परमहंस सदानंद महाराज के 82वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में प्रणामी ट्रस्ट की ओर से शनिवार को पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर परिसर में गौ सेवा के साथ विभिन्न सेवा कार्यों का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गौशाला में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौ पूजन कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गौमाता को हरी घास, चारा, रोटी और खिचड़ी का भोग अर्पित कर गौ सेवा की। साथ ही प्रसाद का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर आयोजित भंडारे में रांची निवासी शशि भूषण सिंह और उनकी पत्नी वीणा सिंह यजमान के रूप में शामिल हुए। पूरा कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।
प्रणामी ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि गुरुजी के सानिध्य में वर्तमान में देशभर में 113 गौशालाओं का संचालन किया जा रहा है, जहां 80 हजार से अधिक गौवंश का संरक्षण और पालन-पोषण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परमहंस सदानंद महाराज का 82वां भव्य जन्मोत्सव 2 अगस्त को श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में मनाया जाएगा। इस अवसर पर वस्त्र वितरण, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, भजन-कीर्तन, मेहर सागर पाठ, सत्संग और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, राम अवतार नारसरिया, प्रदीप नारसरिया, अनूप अग्रवाल, रंजन सिंह, ओम प्रकाश गाड़ोदिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

