वर्दी पहनकर साइबर पुलिस बन लूट मचाने वाले गिरोह के 10 आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
वर्दी पहनकर साइबर पुलिस बन लूट मचाने वाले गिरोह के 10 आरोपित गिरफ्तार


देवघर, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत देवघर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को साइबर पुलिस बताकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। जसीडीह थाना क्षेत्र के कोकहराजोरी से रौशन मोड़ जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर पुलिस ने गिरोह के 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया। मौके से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक पिस्टल मैगजीन, पुलिस की केमोफ्लाज वर्दी, टोपी, प्लास्टिक स्टिक तथा दो बाइक बरामद की गई हैं।

एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि 24 जुलाई को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी जसीडीह थाना क्षेत्र में बड़ी लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर गठित विशेष छापेमारी दल ने अर्धनिर्मित मकान की घेराबंदी कर कार्रवाई की और सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले क्षेत्र में सक्रिय साइबर अपराधियों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद सदस्य पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को साइबर पुलिस बताते हुए उनके घर पहुंचते थे और छापेमारी का भय दिखाकर नकदी सहित अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। गिरोह को विश्वास था कि साइबर अपराध में संलिप्त लोग पुलिस के पास शिकायत करने से बचेंगे, जिसका फायदा उठाकर वे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने पिछले कुछ महीनों में जसीडीह, सोनारायठाढ़ी, मोहनपुर, मधुपुर और पथरौल थाना क्षेत्रों में इसी तरीके से कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन मामलों की भी जांच जारी है।

इस संबंध में जसीडीह थाना में मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में मो फारुख अंसारी, मो मुबारक अंसारी उर्फ गुड्डू, इजरायल अंसारी, ताहिर अंसारी, बब्लू अंसारी, सहबाज आलम, पाण्डेय यादव, सुलेमान साह, अकरम साह और अल्ताफ अंसारी उर्फ गुड्डू शामिल हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के प्रमुख सदस्य मो मुबारक अंसारी उर्फ गुड्डू और मो फारुख अंसारी हैं। मो फारुख अंसारी पहले फिरौती के लिए अपहरण के मामले में दोषसिद्ध हो चुका है। वहीं गिरोह के कई अन्य सदस्यों के खिलाफ भी लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story