डीसी ने 10 दिनों में गांधी स्कूल के लाइब्रेरी का शुरू करने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने 10 दिनों में गांधी स्कूल के लाइब्रेरी का शुरू करने का दिया निर्देश


रामगढ़, 23 जून (हि.स.)। रामगढ़ शहर के गांधी स्मारक प्लस टू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में निर्मित लाइब्रेरी का संचालन 10 दिनों में शुरू होगा। डीसी ऋतुराज ने मंगलवार को निरीक्षण के दौरान यह निर्देश जारी किया। स्कूल परिसर में आम जनों एवं विद्यार्थियों के उपयोग के लिए नव-निर्मित लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, भवन की संरचना, सुरक्षा व्यवस्था और संचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसी ने लाइब्रेरी भवन का विस्तृत अवलोकन करते हुए वहां उपलब्ध अध्ययन कक्ष, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पुस्तक रखने की सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाइब्रेरी में सभी आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए आगामी 10 दिनों के भीतर इसका नियमित संचालन शुरू किया जाए। ताकि विद्यार्थियों के साथ-साथ आम नागरिक भी इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

डीसी ने कहा कि पुस्तकालय ज्ञान एवं बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। इसके संचालन से विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और अध्ययन में रुचि रखने वाले नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे उनकी शैक्षणिक एवं बौद्धिक क्षमता का विकास होगा।

इस दौरान डीसी ने कहा कि यह लाइब्रेरी रामगढ़ जिले के विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संसाधन केंद्र के रूप में विकसित होगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी लंबित कार्यों को जल्द पूरा कर लाइब्रेरी को जनोपयोगी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story