विधायक के प्रयास से डिग्री कॉलेज के लिए 3.72 करोड़ स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now
विधायक के प्रयास से डिग्री कॉलेज के लिए 3.72 करोड़ स्वीकृत


विधायक के प्रयास से डिग्री कॉलेज के लिए 3.72 करोड़ स्वीकृत


देवघर, 15 सितंबर (हि.स.)। सारठ क्षेत्र में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के अंतर्गत डिग्री महाविद्यालय, सारठ, देवघर (पूर्व में महिला महाविद्यालय, सारठ) के फर्निशिंग कार्य के लिए 03 करोड़ 72 लाख 61 हजार 600 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

झारखंड सरकार के उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल कुमार पुरवार की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। स्वीकृत राशि से महाविद्यालय में फर्नीचर, कंप्यूटर, नेटवर्किंग समेत आवश्यक फर्निशिंग और इंस्टॉलेशन-कमीशनिंग से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

कॉलेज के लिए आवश्यक संसाधनों की स्वीकृति दिलाने में सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह की पहल को अहम माना जा रहा है। विधायक ने विधानसभा सत्र के दौरान महाविद्यालय में संसाधनों की कमी का मामला उठाते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब फर्निशिंग कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

विभागीय आदेश के अनुसार स्वीकृत योजना के तहत महाविद्यालय के ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और द्वितीय तल पर फर्निशिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ही कंप्यूटर, नेटवर्किंग सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति, स्थापना और कमीशनिंग भी योजना में शामिल है।

विभाग के अनुसार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) बढ़ाने और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इसी क्रम में सारठ डिग्री कॉलेज में आवश्यक संसाधन विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

आदेश में बताया गया है कि झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, रांची की ओर से उपलब्ध कराए गए डीपीआर के आधार पर 3,72,61,600 रुपये की राशि की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इससे पूर्व योजना के लिए तकनीकी स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है।

स्वीकृत राशि के उपयोग, निकासी और व्यय में विभागीय प्रावधानों तथा झारखंड कोषागार संहिता के नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, महाविद्यालय के कुलसचिव को योजना के क्रियान्वयन, गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने तथा समय-समय पर विभाग को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया है।

सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि कॉलेज में संसाधनों की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। फर्निशिंग कार्य के साथ कंप्यूटर और नेटवर्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। उन्होंने इसे सारठ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story