निर्वाचन आयोग की कार्यशैली लोकतांत्रिक मूल्यों को कर रही कमजाेर : सुप्रियो

WhatsApp Channel Join Now
निर्वाचन आयोग की कार्यशैली लोकतांत्रिक मूल्यों को कर रही कमजाेर : सुप्रियो


रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उस पर निष्पक्षता से काम नहीं करने का आरोप लगाया है।

पार्टी कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि आयोग की कार्यशैली लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने वाली प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की बुनियाद पर खड़ा देश है,जहां मतदान एक अधिकार के साथ-साथ उत्सव भी है। आयोग के नारे नो वोटर्स लेफ्ट बिहाइंड का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाए गए हैं। उनके अनुसार, करीब 27 लाख लोगों को मतदान से वंचित किया गया है और अब उन्हें अपने अधिकार के लिए ट्रिब्यूनल का सहारा लेना पड़ रहा है।

भट्टाचार्य ने इस प्रक्रिया को आम लोगों के लिए जटिल बताते हुए कहा कि दूर-दराज के इलाकों से लोगों को ट्रिब्यूनल तक जाना पड़ रहा है,जो मताधिकार के साथ-साथ नागरिकता पर भी सवाल खड़ा करता है। उन्होंने चुनाव आयोग के सोशल मीडिया हैंडल की भाषा पर भी आपत्ति जताई और इसे एक राजनीतिक दल जैसा बताया। असम चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि झामुमो के पक्ष में माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पार्टी ने कम समय में लोगों को संगठित किया है। और कई सीटों पर मजबूत स्थिति में है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story