रांची से मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद के लिए चार अतिरिक्त उड़ानें मई से शुरू, बढेगी हवाई कनेक्टिविटी

WhatsApp Channel Join Now
रांची से मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद के लिए चार अतिरिक्त उड़ानें मई से शुरू, बढेगी हवाई कनेक्टिविटी


रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची के हवाई यात्रियों के लिए खुशखबरी है। बढ़ती हवाई यात्रियों की संख्या और गर्मी के मौसम को देखते हुए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से आगामी मई महीने में चार अतिरिक्त उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही राजधानी में मौजूद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची से सीधे तौर पर मुंबई, नई दिल्ली और हैदराबाद जानेवाली हवाई यात्रा की सीधी कनेक्टिविटी बढेगी।

एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से शुक्रवार को दी गई जानकारी के अनुसार पिछले कुछ महीनों में रांची एयरपोर्ट से बढती हवाई यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने अपनी सेवाएं विस्तार करने का फैसला लिया है। गर्मी में यात्रियों के दबाव को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस सेवा के साथ ही राज्य के यात्रियों को देश के बड़े शहरों तक पहुंचने में अब पहले से अधिक विकल्प मिलेंगे, जो आनेवाले समय में यातायात के लिहाज से एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, पिछले महीनों में यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। इसी को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने सेवाओं का विस्तार किया है। नई उड़ानों से न सिर्फ टिकट की उपलब्धता बेहतर होगी, बल्कि किराए में भी संतुलन रहने की उम्मीद है।

इंडिगो एयरलाइंस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसारी मुंबई रूट पर एक मई से 29 मई तक विशेष समर फ्लाइट चलाई जाएगी, जो सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी।

यह फ्लाइट सुबह मुंबई से उड़ान भरकर पूर्वाह्न में रांची पहुंचेगी और कुछ देर बाद वापस मुंबई रवाना होगी।

वहीं एयर इंडिया ने भी हवाई यात्रा का दायरा बढाते हुए रांची से मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद जानेवाली हवाई यात्रा के लिए नई उड़ानें जोड़ने का निर्णय लिया है। मुंबई के लिए शाम, दिल्ली के लिए सुबह और हैदराबाद के लिए दोपहर में सीधी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यात्रियों को समय के अनुसार विकल्प मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story