रांची में 25 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं

WhatsApp Channel Join Now
रांची में 25 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं


रांची, 25 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को घर के नजदीक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में 25 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं,जहां प्रतिदिन लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं,चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा दी जा रही है।

रांची नगर निगम ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकट स्थित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर टीकाकरण से न केवल बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होगी, बल्कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि 15वें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक कुल 47 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन को स्वीकृति मिली है। इनमें 25 केंद्र कार्यरत हैं, जबकि शेष केंद्रों को शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। 10 नए केंद्रों के लिए भवन निर्माण कार्य जारी है और 12 अन्य केंद्रों के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन किया जा चुका है। सभी केंद्र शुरू होने के बाद शहर के अधिक से अधिक लोगों को अपने घर के पास स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन केंद्रों पर नागरिकों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, सामान्य बीमारियों का उपचार, आवश्यक स्वास्थ्य जांच, नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं सहित अन्य प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story