एलपी पब्लिक स्कूल में 90 बच्चों के दांतों की हुई निःशुल्क जांच

WhatsApp Channel Join Now
एलपी पब्लिक स्कूल में 90 बच्चों के दांतों की हुई निःशुल्क जांच


- मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा ने लगाया दंत जांच शिविर

रांची, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से राष्ट्रीय कन्या भ्रूण संरक्षण प्रकल्प ‘पावर ऑफ पिंक’ के तहत सोमवार को हरमू रोड स्थित किशोरगंज के एलपी पब्लिक स्कूल में निःशुल्क दांत जांच शिविर लगाया गया। ग्लोबल डेंटल क्लिनिक एंड इम्प्लांट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 90 बच्चों के दांतों की जांच की गई।

मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने बताया कि शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. श्वेता टेकरीवाल ने बच्चों के दांतों की जांच की। उन्होंने बच्चों को दांतों की नियमित सफाई, उचित देखभाल और मौखिक स्वच्छता से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही दांतों से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने और बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित करने की जानकारी दी गई।

मौके पर शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल ने कहा कि बेटी स्वस्थ होगी, तभी समाज स्वस्थ होगा। इसी सोच के साथ शाखा लगातार सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों को निःशुल्क दांत जांच और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने के साथ उनमें दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में शाखा के सदस्य और अन्य लोग मौजूद थे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759647 Articles

Share this story