थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी मुफ्त रक्त चढ़ाने की सुविधा : इरफान अंसारी

WhatsApp Channel Join Now
थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी मुफ्त रक्त चढ़ाने की सुविधा : इरफान अंसारी


थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी मुफ्त रक्त चढ़ाने की सुविधा : इरफान अंसारी


रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और गंभीर एनीमिया से पीड़ित मरीजों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब आयुष्मान भारत और अबुआ स्वास्थ्य कार्ड के लाभुकों को सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी निर्धारित पैकेज के तहत नि:शुल्क रक्त चढ़ाने की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के पैकेज और उनकी दरें निर्धारित की हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया और सिकल सेल के मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। सरकार का प्रयास है कि मरीजों को उनके जिले या घर के आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों की स्क्रीनिंग, आवश्यक जांच और समुचित इलाज की व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।

सिकल सेल एनीमिया के लिए निर्धारित पैकेज में रूटीन वार्ड के लिए 2,100 रुपये, एचडीयू के लिए 3,300 रुपये, बिना वेंटिलेटर आईसीयू के लिए 8,500 रुपये और वेंटिलेटर सहित आईसीयू के लिए 9,000 रुपये की दर निर्धारित की गई है।

मंत्री ने बताया कि थैलेसीमिया मरीजों के लिए डे-केयर अथवा अधिकतम एक दिन के पैकेज में पैक्ड सेल ब्लड ट्रांसफ्यूजन के साथ सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, यूरिन प्रोटीन और सीरम फेरिटिन जैसी जांच शामिल हैं। कुछ पैकेज में 15 दिनों की आयरन चिलेशन दवा का भी प्रावधान किया गया है। इन पैकेजों की दर 2,300 से 3,200 रुपये तक निर्धारित की गई है।

बच्चों में गंभीर एनीमिया यानी थैलेसीमिया के उपचार के लिए 2,300 से 3,000 रुपये तक के पैकेज निर्धारित किए गए हैं।

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि निर्धारित पैकेज के तहत मरीजों को अपने जिले या नजदीकी सूचीबद्ध निजी अस्पताल में ही रक्त चढ़ाने की सुविधा मिल सकेगी। इससे दूर स्थित बड़े अस्पतालों तक जाने में लगने वाले समय और खर्च में कमी आएगी।

झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक शशि प्रकाश सिंह ने इसे गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए राहतकारी व्यवस्था बताया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story