बोकारो में वेतन मद में 4.29 करोड़ की फर्जी निकासी का खुलासा, लेखापाल गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बोकारो में वेतन मद में 4.29 करोड़ की फर्जी निकासी का खुलासा, लेखापाल गिरफ्तार


बोकारो में वेतन मद में 4.29 करोड़ की फर्जी निकासी का खुलासा, लेखापाल गिरफ्तार


बोकारो, 07 अप्रैल (हि.स.)। बोकारो में वेतन मद में 4.29 करोड़ की फर्जी निकासी का खुलासा करते हुए पुलिस ने लेखापाल काे गिरफ्तार किया है। बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने मंगलवार काे प्रेसवार्ता कर बताया कि वेतन मद में करोड़ों रुपये की फर्जी निकासी का बड़ा मामला सामने आया है। मीडिया में मामला सामने आने पर मामले की जांच शुरू हुई जांच में यह खुलासा हुआ कि एक लेखापाल की ओर से तीन वित्तीय वर्षों में 4.29 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध निकासी की गई।

एसपी ने बताया कि छह अप्रैल 2026 को मीडिया के माध्यम से पता चला कि एक दारोगा के वेतन मद से 3.15 करोड़ रुपये निकासी की गयी है। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) एवं पुलिस उपाधीक्षक (नगर) को जांच का जिम्मा सौंपा गया। जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बोकारो में तैनात लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय से पूछताछ की गई, लेकिन प्रारंभ में उन्होंने इस तरह की किसी निकासी से इनकार किया।हालांकि, झारखंड पोर्टल की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान हवलदार उपेन्द्र सिंह के नाम पर 25 माह (नवंबर 2023 से मार्च 2026 तक) में 63 बार कुल 4,29,71,007 रुपये की फर्जी निकासी की गई।

साक्ष्य मिलने के बाद पुनः पूछताछ में लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि हवलदार उपेन्द्र सिंह वर्ष 2016 से सेवानिवृत्त हैं, लेकिन पोर्टल में उनके विवरण को संपादित कर उनके नाम पर फर्जी निकासी की जाती रही। निकाली गई राशि खाते संख्या 42945898462 में ट्रांसफर की गई, जो उनकी पत्नी के नाम पर है।

इस मामले में जिला कोषागार पदाधिकारी के आवेदन पर बीएस सिटी थाना (कांड संख्या-62/26), 07 अप्रैल 2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपित लेखापाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story