हथियार के साथ चार युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हथियार के साथ चार युवक गिरफ्तार


रांची, 19 मई (हि.स.)। राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहदेव तिग्गा, अंकित खलखो, रवि लकड़ा और संदीप कुमार उर्फ बब्लू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से यूएसए निर्मित नाइन एमएम का एक ऑटोमैटिक पिस्तौल, उसकी मैगजीन में लोड दो जिंदा कारतूस और दो स्मार्ट फोन बरामद किए गए है।

कोतवाली एएसपी निखिल राय ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के करम चौक के पास कुछ युवक अवैध हथियार और गोली के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हुए हैं। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने गंगानगर और करम चौक इलाके में छापेमारी कर अभियान चलाया। इस दौरान चार युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आता देख सभी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि जमीन विवाद को लेकर राजधानी में एक बार फिर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया जाना था। लेकिन पुलिस ने घटना को अंजाम देने के पहले ही अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story