मेजर ध्यानचंद हॉकी चैंपियनशिप में चार महिला टीमें पहुंची सेमीफाइनल में

WhatsApp Channel Join Now
मेजर ध्यानचंद हॉकी चैंपियनशिप में चार महिला टीमें पहुंची सेमीफाइनल में


सिमडेगा, 04 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला-पुरुष हॉकी चैंपियनशिप-2026 के सातवें दिन शुक्रवार को 18 मुकाबले खेले गए। इसके साथ ही इस प्रतियोगिता में चार महिलाएं टीम सेमीफाईनल में पहुंची।

अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में हॉकी सिमडेगा एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रतियोगिता जारी है। शनिवार को सुबह नौ बजे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में मुकाबले होंगे।

महिला वर्ग के चार क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सीओई सिमडेगा-ए, एसटीसी सिमडेगा, सेंट जेवियर बरवाडीह और लोम्बोई ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सीओई सिमडेगा-ए ने टाटा सीनी जलडेगा को 7-0, एसटीसी सिमडेगा ने मिनी शक्ति नारी सिमडेगा को 3-0, सेंट जेवियर बरवाडीह ने यूसी रेंगारीह को 1-0 और लोम्बोई ने सेंट एन्स तैंसेर को 1-0 से हराया।

पुरुष वर्ग में भी 14 लीग मुकाबले हुए। शुक्रवार काे हुए प्रमुख मुकाबलों में कुडापानी-बी ने आरसी कोचेडेगा को 9-0, जीलिंगा ताराबोंगा ने कोचेडेगा ग्रामीण को 5-0 और आदिवासी हॉस्टल-ए ने रेंगारी को 5-2 से पराजित किया। कुरसकेला-बिधनईन टोली और गोंडवाना ब्रदर-सुरीन ब्रदर का मुकाबला 2-2 से बराबर रहा।

सात दिनों में महिला वर्ग के 36 और पुरुष वर्ग के 35, कुल 71 मैच हो चुके हैं। 58 टीमों के बीच कुल 128 मैच प्रस्तावित हैं। तकनीकी पदाधिकारी पंखरासियस टोप्पो की अगुवाई में टीम आयोजन में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story