एल्यूमिनियम तार चोर गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एल्यूमिनियम तार चोर गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार


एल्यूमिनियम तार चोर गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार


बोकारो, 23 मई (हि.स.)। बालीडीह थाना पुलिस ने एल्यूमिनियम तार चोरी कर खपाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 70 किलो एल्यूमिनियम तार और एक अल्टो कार के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।

प्रेसवार्ता कर डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की अल्टो कार संख्या जेएच 10 वी 3892 में चोरी का एल्यूमिनियम तार लोड कर थाना मोड़ से नरकरा होते हुए ग्रामीण रास्ते से शहर के बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध अल्टो कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर नरकरा पुल के पास घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर कार में रखे हरे रंग के बोरे से करीब 70 किलो कटा हुआ एल्यूमिनियम तार बरामद किया गया। पुलिस की ओर से वैध कागजात मांगने पर आरोपित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे बोकारो स्टील प्लांट के आसपास से एल्यूमिनियम तार चोरी कर इकट्ठा करते थे और बाद में उसे रामगढ़ निवासी रोहित कुमार को बेच देते थे, जो चोरी के माल को खपाने का काम करता था।

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का मुख्य सरगना प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु भी शामिल है। गिरफ्तार दो आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु, सिंटू कुमार, प्रिंस कुमार और रोहित कुमार शामिल हैं। इस संबंध में बालीडीह थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story