रांची जेल अदालत में चार बंदियों को मिला लाभ
रांची, 20 सितंबर (हि.स.)। रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में रविवार को जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जेल अदालत में लंबित मामलों के निष्पादन के लिए 15 बंदियों के आवेदन रखे गए, जिनमें चार बंदियों को जेल अदालत का लाभ मिला।
शिविर में बंदियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), रांची की कार्यप्रणाली और उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में भी बताया गया। इस दौरान बंदियों के लिए चिकित्सीय शिविर लगाया गया और स्वास्थ्य जांच की गई।
न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सभी न्यायिक दण्डाधिकारियों के द्वारा रसोई का निरीक्षण कर बंदियों को दिये जानेवाले भोजन की गुणवत्ता की जांच खाकर किया गया एवं रह गयी त्रुटियों को सुधारने को कहा गया।
न्यायायुक्त ने रसोई की निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बातें कही। डालसा सचिव ने कहा कि समय-समय पर बंदियों की स्वस्थ की जांच होनी चाहिए, इससे गंभीर बीमारी का पता चलता है तथा उनका ससमय ईलाज किया जा सकता है। आगे उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बाते कही।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एस. बी. शर्मा, डालसा सचिव राकेश रौशन, न्यायिक दण्डाधिकारी, मयंक मलियाज, प्रशांत कुमार वर्मा, अमित गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, सार्थक शर्मा उपस्थित थे।
इनके अलावा, जेल अधीक्षक कुमार चन्द्रशेखर, जेलर लवकुश कुमार, बड़ा बाबु मो. सद्दाम हुसैन, सत्येन्द्र कुमार, एलएडीसीएस के सदस्य, एल.एल.बी. के छात्र, काराकर्मी एवं जेल के बंदी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

