लूटेरा गिरोह के चार अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार
रांची, 16 जुलाई (हि. स.)। रांची जिला के दशमफॉल और तमाड़ क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले अंतरजिला लुटेरा गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, एक देसी पिस्टल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपितों ने तमाड़ थाना क्षेत्र में हुई दो अन्य लूट की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र निवासी अंकित मुंडा, गोपाल मुंडा, अजीत मुंडा तथा तमाड़ थाना क्षेत्र निवासी गुरुवा मुंडा के रूप में हुई है। इनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, 500 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
बुंडू के एसडीपीओ ओम प्रकाश ने गुरुवार को बताया कि गत 15 जुलाई 2026 को दशमफॉल थाना क्षेत्र की आराडीह पंचायत अंतर्गत चुड़गी के पास चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक व्यक्ति से उसकी बाइक, कीपैड मोबाइल, आधार कार्ड और नकदी लूट ली थी।
घटना की सूचना मिलते ही रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण के मार्गदर्शन में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक अनुसंधान, गुप्त सूचना, मानवीय साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और बाइक लूटकांड के महज चार घंटे के भीतर चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने 14 जुलाई को तमाड़ थाना क्षेत्र के पतसायडीह-एदलडीह मार्ग पर एक व्यक्ति से 150 रुपये और मोबाइल और परासी गांव स्थित एनएचएआई प्लांट के पास एक अन्य व्यक्ति से 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटने की बात भी स्वीकार की है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने दो दिनों के दौरान तीन से चार लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क और संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूरे अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ ओम प्रकाश ने किया, जबकि दशमफॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार, मरांगहादा थाना की पुलिस टीम और सशस्त्र बल के जवानों ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

