हत्याकांड मामले में चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हत्याकांड मामले में चार गिरफ्तार


रांची, 17 मार्च (हि.स.)। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटोस फैमली रेस्टोरेंट में होटल कर्मी मनीष गोप की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के सहयोगियों की संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गत सात मार्च की रात अपराधियों ने रेस्टोरेंट में घुसकर मनीष गोप को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले के खुलासे के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर कुबेर उर्फ मनीष सिंह, अफजल अमन उर्फ बाबर, पप्पू भुइया और मो. शद्दाब आलम को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि 16 मार्च को धनबाद के बोरागढ़-भागाबांध क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान कुबेर और विक्की डोम को पैर में गोली लगी, जबकि अफजल अमन भागने के दौरान घायल हो गया। तीनों का इलाज चल रहा है। मुठभेड़ में पुलिस की गश्ती गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई।

पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा की भूमिका सामने आई है। दोनों गिरोह मिलकर काम कर रहे थे। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story